कुलसचिव से मारपीट के आरोपियों पर गैंगस्टर लगाने की मांग, आर्य समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी

गुरुकुल कांगड़ी डीम्ड विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार प्रकरण में कार्रवाई की मांग, कुलपति के बाद एसपी सिटी को सौंपा ज्ञापन


हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी डीम्ड विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार के साथ मारपीट के मामले में आर्य समाज ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है। आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तराखंड के प्रतिनिधियों और विश्वविद्यालय के स्टाफ ने बुधवार को कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा के बाद एसपी सिटी दीपक सिंह को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की।


बुधवार को आर्य प्रतिनिधि सभा उत्तराखंड के सदस्य और विश्वविद्यालय के कर्मचारी गुरुकुल कांगड़ी डीम्ड विश्वविद्यालय में एकत्र हुए। उन्होंने कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा को ज्ञापन सौंपते हुए कुलसचिव के साथ मारपीट के आरोपियों को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य कर्मचारी के साथ इस तरह का व्यवहार न हो।


इस दौरान कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और एसएसआई अनुज सिंह भी विश्वविद्यालय पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रतिनिधियों को मामले में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी। इसके बाद आर्य समाज के प्रतिनिधि और विश्वविद्यालय के स्टाफ एसपी सिटी कार्यालय पहुंचे और एसपी सिटी दीपक सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी ने आश्वस्त किया कि प्रकरण में किसी को बख्शा नहीं जाएगा।


न्याय नहीं मिला तो आंदोलन की रणनीति होगी तय
आर्य समाज के स्वामी ओमानंद ने कहा कि कुलसचिव जैसे वरिष्ठ पद पर आसीन प्रोफेसर के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर हालत में पहुंचाने के मामले में कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी महान क्रांतिकारी स्वामी श्रद्धानंद की तपोस्थली है। यहां हुई घटना से आर्य समाज सहित हर वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं।


पूर्व प्रधान हाकम सिंह आर्य ने कहा कि कुलसचिव प्रो. सत्यदेव निगमालंकार की स्थिति गंभीर बनी हुई है। यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो इसी महीने 13 नवंबर को आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।

इस दौरान स्वामी सुरेंद्रानंद, स्वामी अग्निवेश, आर्य वानप्रस्थ आश्रम के प्रधान प्रेम प्रकाश, योगधाम से स्वामी वेदानंद, विवेक आर्य, प्रधान मानपाल सिंह आर्य, मंत्री तेलूराम आर्य, कोषाध्यक्ष ब्रह्मपाल सिंह आर्य, पुरोहित बलवंत सिंह आर्य, राजेश आर्य, सतीश आर्य, महीपाल सिंह आर्य, विपिन, दीपक आर्य, दिनेश चौहान, भोपाल गिरि, जगपाल आर्य, मास्टर श्याम सिंह आर्य, धर्मेंद्र आर्य, ज्ञान सिंह आर्य, महक सिंह आर्य, तेलूराम कुआंखेड़ा, प्रो. आनंद स्वरूप आर्य, मास्टर जसवीर सिंह, लाल सिंह आर्य और डॉ. नवनीत परमार सहित विश्वविद्यालय के बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *