मां की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में दर्ज किया मुकदमा
हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग पुत्री के साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक हरकतें करने के आरोप में पुलिस ने उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को एक महिला ने कोतवाली बहादराबाद में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति पिछले करीब एक वर्ष से उनकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक हरकतें कर रहा था। विरोध करने और कई बार समझाने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति आए दिन उसके और बच्चों के साथ गाली-गलौज तथा मारपीट करता है। आरोपी की कथित हरकतों के चलते नाबालिग बालिका भय और मानसिक पीड़ा में रहने लगी।
मामले की गंभीरता और नाबालिग की सुरक्षा को देखते हुए बहादराबाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर आरोपित की तलाश में उसके किराये के मकान पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपित घर पर ही मौजूद मिला, जिसे हिरासत में लिया गया। मामले में पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया है।

