रेलवे गेट के सामने सड़क पर गाली-गलौच और मारपीट पर उतारू थीं महिलाएं
हरिद्वार। रेलवे गेट के सामने रविवार को महिलाओं के दो पक्षों के बीच आने-जाने वाले व्यक्तियों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौच शुरू हो गई और महिलाएं मारपीट पर उतारू हो गईं। मौके पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की आठ महिलाओं को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को उपनिरीक्षक निशा सिंह पुलिस टीम के साथ शिवमूर्ति चौक और रेलवे गेट क्षेत्र में चेकिंग, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की ड्यूटी पर तैनात थीं। इसी दौरान रेलवे गेट के सामने महिलाओं के दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पूछताछ में सामने आया कि आने-जाने वाले व्यक्तियों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में गाली-गलौच और झगड़े में बदल गई।
मौके पर शांति भंग होने और संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों की कुल आठ महिलाओं को हिरासत में लिया। पुलिस ने उनके विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 126/135/170 के तहत कार्रवाई की है।

