हरिद्वार से गरजी कांग्रेस, गंगाजल हाथ में लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष का ऐलान

हरिद्वार से शुरू हुआ कांग्रेस का अभियान, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग; गंगा में उतरकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की प्रार्थना

हरिद्वार। हरिद्वार में बुधवार को कांग्रेस की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ यात्रा’ ने सियासी माहौल गरमा दिया। शिवमूर्ति चौक से सुभाष घाट तक निकली यात्रा में कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर केंद्र सरकार पर तीखे हमले किए। यात्रा के समापन पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई वरिष्ठ नेता गंगा में उतरे और हाथों में गंगाजल लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।


यात्रा की शुरुआत शहर कोतवाली के सामने स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि से हुई। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, करन माहरा, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद यात्रा सुभाष घाट पहुंची। यहां कांग्रेस नेताओं ने मां गंगा का पूजन और नमन किया। कुमारी सैलजा सहित कई नेता गंगा में उतरे और गंगाजल हाथ में लेकर लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिक के अधिकारों की रक्षा की प्रार्थना की।


‘गंगा मैया देश को बचाएं’—सैलजा का सरकार पर हमला
प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेसजन मां गंगा की शरण में आए हैं। उन्होंने गंगाजल में प्रार्थना करते हुए कहा कि देश को भ्रष्टाचार और कथित तानाशाही से बचाया जाए तथा संविधान और आम नागरिक के अधिकार सुरक्षित रहें।


सैलजा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बना रही है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। एसआईआर को लेकर भी उन्होंने सरकार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि आम नागरिक और सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है। कांग्रेस इस मुद्दे पर व्यापक आंदोलन जारी रखेगी।


गंगा में उतरकर गोदियाल बोले—‘वोट का अधिकार छीनने नहीं देंगे’
सुभाष घाट पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गंगाजल हाथ में लेकर कांग्रेस के संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए संघर्ष करती रहेगी।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि संविधान का अनुच्छेद 326 प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार देता है, लेकिन सरकार की नीतियों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदाता के अधिकार की रक्षा के लिए सड़क से लेकर हर स्तर तक संघर्ष करेगी।


हरिद्वार से पूरे प्रदेश तक पहुंचेगी यात्रा
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि हरिद्वार से शुरू हुई ‘वोट बचाओ-देश बचाओ यात्रा’ को पूरे प्रदेश में ले जाया जाएगा। यात्रा के जरिए कांग्रेस एसआईआर, मतदाता अधिकार और चुनावी प्रक्रिया को लेकर जनता के बीच अपना पक्ष रखेगी।


यात्रा में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, सहप्रभारी गुरप्रीत सप्पल और मनोज यादव, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत, हरिद्वार महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग गुरमीत लहरी समेत सैकड़ो की बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *