सीडीआर और लोकेशन के आधार पर ढंडेरा फाटक से हुई गिरफ्तारी
हरिद्वार। नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गंगनहर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को ढंडेरा फाटक से हिरासत में लेने के साथ ही नाबालिग को भी बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने विधिक कार्रवाई कर उसका चालान की दिया है।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त को नाबालिग के परिजन की तहरीर पर कोतवाली गंगनहर में मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि आरोपी वादी की नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक गंगनहर ने पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ सर्विलांस की मदद ली। पूर्व में प्राप्त सीडीआर और लोकेशन का विश्लेषण करने के बाद पुलिस टीम को आरोपी की मौजूदगी ढंडेरा फाटक क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया और नाबालिग को भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन पुत्र सुधीर कुमार, निवासी मोडकला पोस्ट मोडखुर्द, थाना बहसूमा, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

