अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त का खुलासा, दो युवक गिरफ्तार

हरिद्वार। संभावित वारदात को अंजाम देने से पहले रुड़की पुलिस ने अवैध असलाह के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों अलग-अलग स्थानों से पकड़े गए। आरोपियों के कब्जे से 32 बोर का एक तमंचा, एक पिस्टल, दो मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में दोनों ने एक ही सप्लायर से असलाह खरीदने की बात बताई है। पुलिस अब सामने आए कथित सप्लायर की तलाश में जुटी है।

एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुड़की पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान नहर पटरी पर एचआरडीए कार्यालय के पास एक युवक मोटरसाइकिल के पास संदिग्ध हालत में मिला। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 32 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान 19 वर्षीय अक्षित शर्मा निवासी जस्सवावाला धनौरी, थाना पिरान कलियर के रूप में हुई।

इसी दौरान पुलिस टीम ने पीरबाबा कॉलोनी से रेलवे पुल के नीचे डबल फाटक की ओर जाने वाले रास्ते पर एक अन्य युवक को पकड़ा। उसके कब्जे से 32 बोर की अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय रोहित सैनी निवासी जस्सवावाला धनौरी के रूप में हुई।

मुनाफे के लिए पिस्टल बेचने की तैयारी
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने असलाह एक ही सप्लायर से खरीदा था। पुलिस के मुताबिक रोहित खरीदी गई पिस्टल को मुनाफे के साथ किसी अन्य व्यक्ति को बेचने के उद्देश्य से रेलवे पुल के नीचे पहुंचा था। पुलिस अब सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद असलाह और कारतूस को कब्जे में लेकर सील कर दिया है। आरोपितों के पास से एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *