छह वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, आरोपित की तलाश तेज

हरिद्वार। जनपद के पिरान कलियर थाना क्षेत्र के एक रेन बसेरे में ठहरे परिवार की छह वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने से पुलिस में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। वहीं आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं।

बताया गया कि बच्ची अपने परिजनों के साथ रेन बसेरे में ठहरी हुई थी। देर रात घटना की जानकारी परिजनों को हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए परिजनों से जानकारी ली।

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय बच्ची के परिजन लंगर लेने के लिए गए हुए थे।

पुलिस के मुताबिक घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपित की तलाश और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *