किराये के कमरे में चल रहे देह व्यापार का पर्दाफाश, छह गिरफ्तार

मसूरी घुमाने के बहाने दिल्ली से लाई गई नाबालिग को कमरे में रखने का आरोप, पुलिस ने किया रेस्क्यू

देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव में किराये के कमरे में चल रहे कथित देह व्यापार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने लाई गई एक नाबालिग युवती को रेस्क्यू किया गया। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 18 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, एक अक्तूबर को सूचना मिली थी कि नीलकंठ एनक्लेव स्थित एक किराये के मकान में कुछ महिलाओं और पुरुषों की ओर से कथित रूप से देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना पर पटेलनगर पुलिस ने मकान पर छापा मारा। मौके पर तीन महिलाएं, एक नाबालिग युवती और तीन पुरुष मिले। पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर नाबालिग को सुरक्षित रेस्क्यू किया।

व्हाट्सएप पर भेजते थे महिलाओं की तस्वीरें

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा ने मकान किराये पर लिया था। आरोप है कि वह दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाकर ग्राहकों से संपर्क करता था। पुलिस के मुताबिक, फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर महिलाओं की तस्वीरें भेजी जाती थीं। ग्राहक की मांग के अनुसार महिलाओं को किराये के कमरे या ग्राहक के बताए स्थान पर भेजे जाने का आरोप है।

मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, आरोपी अभिषेक नाबालिग युवती को दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लेकर आया था। आरोप है कि यहां उस पर गलत काम के लिए दबाव बनाया गया। युवती के इनकार करने पर उसे कमरे में रोककर रखा गया। पुलिस ने उसे रेस्क्यू कर लिया।

मामले में पटेलनगर कोतवाली में पॉक्सो अधिनियम की धारा 14(5) और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

मनीष कुमार लखेड़ा, निवासी नीलकंठ एनक्लेव, हरभजवाला, पटेलनगर
अभिषेक, निवासी महावीर नगर, दिल्ली
भानू उर्फ सिद्धांत, निवासी बड़ोवाला, आरकेडिया नगर, देहरादून
ममता, निवासी स्कूल ब्लॉक, शंकरपुर, पूर्वी दिल्ली
नेहा, निवासी संगम विहार, दिल्ली
सुमन, निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री/दवाइयां और कथित रूप से देह व्यापार से अर्जित 18 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *