मेले की मारपीट का बदला लेने को चलाई गोली, आरोपित गिरफ्तार

हरिद्वार। पुलिस ने हत्या के प्रयास के मुकदमे में वांछित चल रहे एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को विशाल पुत्र प्रवीण कुमार निवासी पनियाला चंदापुर ने कोतवाली गंगनहर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात आरोपितों ने उसे जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन कर घटना के खुलासे के लिए क्षेत्र में रवाना किया गया। साक्ष्य संकलन और आरोपितों की तलाश के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 1 अक्टूबर को साहिब पुत्र दिलदारा निवासी पनियाला चंदापुर को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि 28 सितंबर को मेले में विशाल और उसके भाइयों के बीच हाथापाई हुई थी, जिसमें उसके भाई को चोट लगी थी। आरोपित के अनुसार, बाद में विशाल की गाड़ी रास्ते में धीमी हुई तो उसने गुस्से में तमंचे से गोली चला दी और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की है। आरोपित के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर उसका चालान कर दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जांच में जो भी संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *