हैप्पी हत्याकांड का एक और मुख्य आरोपित गिरफ्तार

पुलिस ने तमंचा, खोखा कारतूस और शर्ट की बरामद
हरिद्वार।
बहादराबाद क्षेत्र में 14 सितंबर को हुए हैप्पी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, खोखा कारतूस और खून से सनी शर्ट बरामद की है। मामले में एक आरोपित को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा, शांतिरशाह के पास 28 वर्षीय हैप्पी की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर बहादराबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।


मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिस टीमों का गठन कर आरोपितों की गिरफ्तारी और घटना के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। आरोपितों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के लिए पुलिस ने एक आरोपित पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
पुलिस टीम लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित इस्तकार उर्फ इस्तयाक फतेहपुर थाना क्षेत्र में देखा गया है। सूचना पर बहादराबाद पुलिस टीम ने सहारनपुर के छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर इस्तकार को गिरफ्तार कर लिया।


पूछताछ में आरोपित ने अपने साथी मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते हैप्पी की हत्या करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, इस्तकार को शक था कि वर्ष 2022 के एक मामले में हैप्पी ने पुलिस को उसके संबंध में मुखबिरी की थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश चल रही थी।


पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित के अनुसार हैप्पी उसे पुलिस से पकड़वाने की धमकी देता था और पैसों की मांग भी करता था। इसी विवाद के चलते आरोपितों ने हत्या की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर को वारदात को अंजाम दिया।


गिरफ्तार आरोपित की पहचान इस्तकार उर्फ इस्तयाक पुत्र वहीद, निवासी ग्राम शांतरशाह, कोतवाली बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और खून से सनी शर्ट बरामद की है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही कर उसका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *