नशीला पदार्थ देकर बुजुर्ग को किया बेहोश, 120 किलो पीतल उड़ाया, तीन आरोपित गिरफ्तार

चोरी के माल का 25 हजार में सौदा, 22 हजार की डाउन पेमेंट देकर खरीदी बाइक बरामद


विनोद धीमान

हरिद्वार। बुजुर्ग और उसके साथी को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने के बाद करीब 120 किलो पीतल चोरी करने वाले शातिर गिरोह का लक्सर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को पीपली पुल के पास सुल्तानपुर रोड से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का करीब 25 किलो पीतलनुमा धातु व पाइप, 1500 रुपये नकद और चोरी के माल को बेचकर खरीदी गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है। चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक और शेष माल की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, धमरौला निवासी अशोक कुमार ने 25 अगस्त को कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया था कि चरखी गोदाम में अज्ञात लोगों ने उन्हें और उनके साथी को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उनकी मोटरसाइकिल और करीब 120 किलो पीतल चोरी कर लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने क्षेत्राधिकारी लक्सर और प्रभारी निरीक्षक को शीघ्र घटना के खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों, डिजिटल इनपुट और मैनुअल पुलिसिंग से संदिग्धों की जानकारी जुटाई। उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी पुलिस ने सुराग तलाशे।

पहले रैकी, फिर नशीली कोल्ड ड्रिंक से बेहोश किया
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 25 अगस्त की शाम तीनों आरोपित एक अन्य साथी के साथ चरखी गोदाम पहुंचे थे। दो आरोपी बाहर रैकी करते रहे, जबकि एक अंदर गया। आरोपियों ने पहले से कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिला रखा था। यह कोल्ड ड्रिंक पहले मिस्त्री मुल्ला और बाद में वहां पहुंचे अशोक मुंशी को दी गई। दोनों के बेहोश होने के बाद आरोपितों ने अशोक की जेब से आलमारी की चाबी निकाली और आलमारी से पीतलनुमा धातु के टुकड़े व पाइप के करीब तीन कट्टे निकाल लिए। आरोपित अशोक की मोटरसाइकिल की चाबी लेकर उसी बाइक से चोरी का माल लेकर फरार हो गए। पूछताछ के मुताबिक चोरी किए गए माल का कुछ हिस्सा चारों आरोपितों ने अलग-अलग स्थानों पर करीब 25 हजार रुपये में बेच दिया। इसमें से 22 हजार रुपये डाउन पेमेंट देकर एक बाइक खरीदी गई। बची 1500 रुपये की रकम भी पुलिस ने बरामद कर ली।

गन्ने के खेत में छिपाया था बचा माल
आरोपितों ने करीब 25 किलो शेष पीतलनुमा माल सीमेंट फैक्ट्री लक्सर के पास गन्ने के खेत में छिपा रखा था। पुलिस के मुताबिक इसे बेचने के लिए ले जाते समय आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक संख्या यूपी 20 सीई 0926 एक अन्य साथी के पास होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश के साथ बाइक बरामद करने का प्रयास कर रही है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विनीत (19) निवासी बागपत, टिंकू उर्फ कृष्ण (28) निवासी मुजफ्फरनगर और रविन्द्र (26) निवासी पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपितों का चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *