दरोगा, सिपाही और दो सीआरपीएफ कर्मियों पर आरोप
पुलिस ने फार्म हाउस से दबोचा, पुलिसकर्मी निलंबित
उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के झूलपुरी स्थित खानपुर (उत्तराखंड) के विधायक उमेश शर्मा के फार्म हाउस पर हरियाणा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपों के घेरे में हसनपुर कोतवाली का दरोगा, अमरोहा पुलिस लाइन में तैनात सिपाही तथा सीआरपीएफ के एक इंस्पेक्टर और एक हेड कांस्टेबल शामिल हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
एसपी लखन सिंह यादव के अनुसार, हरियाणा के फतेहाबाद जिले की रहने वाली युवती एक निजी कंपनी में काम करती है। उसकी एक महिला मित्र ने उसकी मुलाकात सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल मोहित से कराई थी। युवती के मुताबिक, 21 सितंबर को वह सोनीपत में मोहित से मिली। मोहित के घूमने चलने के प्रस्ताव पर वह उसकी कार में बैठ गई। आरोप है कि मोहित उसे सोनीपत से मेरठ ले गया, जहां उसने सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव को भी कार में बैठा लिया।
इसके बाद मंगलवार शाम दोनों युवती को लेकर हसनपुर पहुंचे। यहां गेट पर सादे कपड़ों में मौजूद बागपत निवासी दरोगा संजय तोमर भी कार में सवार हो गया। आरोप है कि इसके बाद सभी झूलपुरी स्थित फार्म हाउस पहुंचे और वहां कमरे लिए। कुछ देर बाद मुजफ्फरनगर निवासी सिपाही प्रमोद कुमार खाना और शराब लेकर फार्म हाउस पहुंचा।
युवती ने कमरे को अंदर से किया लॉक, पुलिस को दी सूचना
पुलिस के मुताबिक, रात में खाना-पीना होने के बाद मोहित, लालाराम और संजय तोमर कथित तौर पर जबरन युवती के कमरे में घुस गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद जब सिपाही प्रमोद कमरे में पहुंचा तो युवती ने उसे बाहर धकेलकर कमरे को अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मंगलवार रात फार्म हाउस पर छापा मारकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को कोतवाली में पूछताछ के बाद पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया। युवती को अमरोहा के वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है।
पुलिस के अनुसार, मोहित सीआरपीएफ की पांचवीं बटालियन दिल्ली में हेड कांस्टेबल है, जबकि लालाराम यादव सीआरपीएफ की 156वीं बटालियन, न्यू बोगाई गांव, असम में निरीक्षक है। आरोपियों में दो मुजफ्फरनगर, एक बागपत और एक अलवर (राजस्थान) का रहने वाला बताया गया है। घटना में इस्तेमाल कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।


