566 प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ तस्कर गिरफ्तार

मेडिकल स्टोर के बाहर चेकिंग के दौरान दबोचा गया आरोपित


हरिद्वार।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने पथरी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 566 प्रतिबंधित ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम कैप्सूल-गोलियों के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित मेडिकल स्टोर के बाहर संदिग्ध अवस्था में मिला था और पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थानाध्यक्ष पथरी ने अलग-अलग पुलिस टीमों को संदिग्ध व्यक्तियों और स्थानों पर नजर रखने तथा नियमित चेकिंग के निर्देश दिए थे।


पुलिस टीमों द्वारा लिंक रोड, गांव-कस्बों को जोड़ने वाली चकरोडों, हाईवे और अन्य संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान ग्राम ऐथल क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों के आसपास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस के मुताबिक टीम को देखकर व्यक्ति भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।


तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 566 प्रतिबंधित ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम नशीले कैप्सूल-गोलियां बरामद हुईं। बरामद दवाओं के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पथरी थाने में मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान तौफीक पुत्र अल्लादिया निवासी ग्राम ऐथल, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *