तहसील से चंद्राचार्य चौक तक निकली विरोध रैली, व्यापारियों ने कहा- कार्रवाई नहीं रुकी तो सोमवार से बाजार बंद
हरिद्वार। जीएसटी विभाग की छापेमारी को लेकर हरिद्वार के इलेक्ट्रिक कारोबारियों का गुस्सा रविवार को सड़क पर दिखाई दिया। दुकानों पर लगातार हो रही कार्रवाई के विरोध में हरिद्वार इलेक्ट्रिक एसोसिएशन के बैनर तले व्यापारियों ने ज्वालापुर तहसील से चंद्राचार्य चौक तक विरोध रैली निकाली। इस दौरान व्यापारियों ने जीएसटी विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई तत्काल रोकने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने साफ कर दिया कि अब मामला केवल विरोध तक सीमित नहीं रहेगा। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि छापेमारी नहीं रोकी गई तो सोमवार को व्यापारी दुकानें बंद कर अपनी चाबियां अधिकारियों को सौंप देंगे।
‘व्यापारी को बनाया जा रहा सॉफ्ट टारगेट’
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में इलेक्ट्रिकल सामान का कारोबार करने वाले व्यापारियों की दुकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के तरीके से व्यापारियों में भय और असंतोष का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों की ओर से शॉर्ट टर्म नोटिस देकर लाखों रुपये एडवांस टैक्स के नाम पर जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा है। गुप्ता के मुताबिक, व्यापारी पहले से ही मंदी, बारिश, ऑनलाइन कारोबार और डिजिटल पेमेंट पर लगने वाले शुल्क जैसी चुनौतियों से जूझ रहे हैं। ऐसे में दीपावली के सीजन से ठीक पहले छापेमारी ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
‘संदेह है तो नोटिस दें, दुकान पर छापा क्यों?’
व्यापारी नेता विशाल गर्ग ने कहा कि व्यापारी हमेशा सरकार के साथ खड़े रहे हैं और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उनका आरोप है कि विभिन्न विभागों की कार्रवाई में व्यापारियों को आसान निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यापारी के कारोबार या टैक्स को लेकर विभाग को शिकायत या संदेह है तो नियमानुसार नोटिस देकर कार्यालय बुलाया जा सकता है और स्पष्टीकरण मांगा जा सकता है। सीधे दुकान पर पहुंचकर छापेमारी करने से व्यापारी की सामाजिक प्रतिष्ठा भी प्रभावित होती है।
‘अब पूरा बाजार एकजुट होगा’
एसोसिएशन के महामंत्री सुशांत शर्मा ने कहा कि सीधे छापेमारी से व्यापारियों में रोष बढ़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जीएसटी विभाग ने कार्रवाई नहीं रोकी तो व्यापारी वर्ग एकजुट होकर आंदोलन को व्यापक रूप देगा। व्यापारियों ने दो टूक कहा कि सोमवार तक कार्रवाई नहीं रुकी तो दुकानें बंद होंगी और चाबियां अधिकारियों को सौंपकर विरोध दर्ज कराया जाएगा।


