विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर के खंडजा फाटक से रायसी की ओर करीब 50 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर रविवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर लक्सर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।
लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक राजेश बिष्ट ने बताया कि स्टेशन मास्टर मनोज कुमार ने रविवार सुबह पुलिस को सूचना दी कि रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव मिला। उसके सिर पर चोट के निशान थे और एक हाथ कटा हुआ था। मृतक की उम्र करीब 50 से 55 वर्ष, कद लगभग पांच फीट छह इंच और चेहरा गोल है। उसने सफेद कमीज और नीली पैंट पहन रखी थी। उसके गले में हनुमान जी का लॉकेट भी मिला है।

पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। शव को पोस्टमार्टम और शिनाख्त की प्रक्रिया के लिए रुड़की स्थित मोर्चरी भेज दिया गया है।
पुलिस आसपास के थानों से भी संपर्क कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी थाना क्षेत्र से कोई व्यक्ति लापता है और उसका हुलिया मृतक से मेल खाता है तो लक्सर कोतवाली पुलिस को तत्काल सूचना दें।


