इंस्टाग्राम पर नाबालिग से दोस्ती, दुष्कर्म और ब्लैकमेल के आरोप में युवक गिरफ्तार

कनखल पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बिजनौर से आरोपी को दबोचा, तहरीर मिलते ही दर्ज किया मुकदमा


हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग से सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर उसके साथ दुष्कर्म करने, आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी बिजनौर जिले से की गई।


पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर को कनखल निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी नाबालिग बेटी की इंस्टाग्राम के माध्यम से अजय नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। बातचीत के बाद आरोपी कथित तौर पर नाबालिग से मिलने के लिए दबाव बनाने लगा। आरोप है कि घर पर किसी के नहीं होने के दौरान आरोपी वहां पहुंचा और नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।


घटना की जानकारी नाबालिग द्वारा अपनी मां को दिए जाने के बाद महिला की तहरीर पर कनखल कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामला महिला एवं बाल अपराध से जुड़ा होने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए।


पुलिस टीम ने मुकदमा दर्ज होने के बाद रात में ही बिजनौर के लिए रवाना होकर ग्राम नारायणवाला, थाना रेहड़ क्षेत्र में दबिश दी। पुलिस ने 17 सितंबर को आरोपी अजय उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी बिजनौर से हरिद्वार आया था और घटना के बाद वापस फरार हो गया था।


गिरफ्तार आरोपी को कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपी का नाम पता अजय उर्फ गोलू पुत्र बीरेन्द्र कुमार, निवासी ग्राम नारायणवाला, थाना रेहड़, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *