ई-रिक्शा में सवारी को नुकीली वस्तु दिखाकर लूटा, तीन आरोपित गिरफ्तार

रात के अंधेरे में सुनसान रास्ते पर वारदात, 10 हजार नकदी समेत दस्तावेज, जूते और कपड़े बरामद


हरिद्वार।
सिडकुल क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक और उसके दो साथियों द्वारा सवारी को सुनसान रास्ते पर ले जाकर नुकीली वस्तु के बल पर लूटने के मामले का रानीपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई 10 हजार की नकदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जूते तथा घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा और लोहे के औजार बरामद किए हैं। मामले की जानकारी एसपी सिटी अभय कुमार ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी।


मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी अभय प्रताप ने बताया कि 12 सितंबर की रात पवन कुमार, हाल निवासी महादेवपुरम सिडकुल, राजा बिस्कुट चौक से हरिद्वार जाने के लिए एक ई-रिक्शा में सवार हुआ था। सेक्टर-4 चौक से आगे केवी स्कूल की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर ई-रिक्शा चालक और उसमें पहले से बैठे दो अन्य युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने नुकीली वस्तु पेट पर लगाकर डरा-धमकाया और उससे 10 हजार नकद, बैग, कपड़े, जूते तथा जरूरी दस्तावेज लूट लिए।


पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के तत्काल खुलासे के लिए रानीपुर पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ पुराने अपराधियों से पूछताछ और अन्य सुराग जुटाए।


13 सितंबर की रात पुलिस टीम गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लीडो क्लब की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक ई-रिक्शा में तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस ने पूछताछ के बाद उनकी तलाशी ली तो 10 हजार नकद, पीड़ित के आधार कार्ड व पैन कार्ड, चमड़े के जूते, एक लोहे का फर्सा और लोहे का एंगल बरामद हुआ।


सख्ती से पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे रात के समय अकेली सवारी को ई-रिक्शा में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाते और डराकर लूटपाट करते थे। आरोपितों ने राजा बिस्कुट चौक से युवक को ई-रिक्शा में बैठाने और उसके साथ लूट करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक लूटी गई जीन्स भी आरोपी आयुष उर्फ अनिकेत ने पहनी हुई थी।


पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि लालच, नशे और अपने शौक तथा खर्चे पूरे करने के लिए उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा व लोहे के औजार कब्जे में ले लिए हैं। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया गया है।


गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते श्रवण कुमार, उम्र 19 वर्ष, निवासी शाहजहांपुर यूपी, हाल निवासी सिडकुल बाईपास, हरिद्वार, विजय, उम्र 20 वर्ष, निवासी बरेली यूपी, हाल निवासी रावली महदूद, सिडकुल, हरिद्वार व आयुष उर्फ अनिकेत, उम्र 20 वर्ष, निवासी धामपुर, बिजनौर यूपी, हाल निवासी रावली महदूद, हरिद्वार बताए गए हैं। आरोपित विजय के खिलाफ रानीपुर थाने में वर्ष 2024 में शस्त्र अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *