राजस्व कार्यों में लापरवाही पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित
हरिद्वार। राजस्व कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए राजस्व उपनिरीक्षक अतुल रावत को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई नामांतरण वाद में तथ्यों को छिपाकर आख्या प्रस्तुत किए जाने के मामले में की गई है।
संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट की ओर से संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। प्रकरण में विभागीय कार्रवाई पहले से प्रचलित थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के साथ ही संबंधित क्षेत्र के राजस्व कार्यों के सुचारु संचालन के लिए प्रभार हस्तांतरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि राजस्व अभिलेखों के साथ-साथ न्यायिक और अर्द्धन्यायिक मामलों में तथ्यों की सही एवं निष्पक्ष प्रस्तुति बेहद महत्वपूर्ण है। निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अनिवार्य है।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि राजस्व कार्यों में किसी भी स्तर पर अनियमितता, लापरवाही या प्रक्रिया का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


