सड़क हादसे में घायलों को मिलेगा कैशलेस इलाज, पीएम-राहत योजना का होगा व्यापक प्रचार

डीएम मयूर दीक्षित ने पुलिस, स्वास्थ्य और सूचना विभाग को दिए निर्देश, अस्पतालों में फ्लेक्स-बैनर लगाने के आदेश


हरिद्वार। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को त्वरित एवं कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित पीएम-राहत योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में विगत दिवस सीसीआर में बैठक आयोजित की गई।


बैठक में जिलाधिकारी ने पुलिस, स्वास्थ्य एवं सूचना विभाग को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना की जानकारी अधिक से अधिक आमजन तक पहुंचाई जाए, ताकि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर उपचार मिल सके और पात्र पीड़ित योजना का लाभ उठा सकें।


जिलाधिकारी ने विशेष रूप से अस्पतालों में फ्लेक्स और बैनर के माध्यम से पीएम-राहत योजना का प्रचार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना पीड़ित और उनके परिजन अस्पताल पहुंचते ही योजना की जानकारी प्राप्त कर सकें, जिससे उपचार में अनावश्यक देरी न हो।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी संबंधित अस्पतालों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि अधिक से अधिक पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को योजना के अंतर्गत कैशलेस उपचार का लाभ मिल सके।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और जन-जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समयबद्ध चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रहने देने पर विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *