हरिद्वार। शहर में सीवर चौक और गंदे पानी की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनुरक्षण शाखा, गंगा जल संस्थान कार्यालय पर धरना देकर विरोध जताया। पूर्व सभासद अशोक शर्मा और पार्षद सुनील कुमार के नेतृत्व में दिए गए धरने के दौरान अधिकारियों के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई गई। अधिशासी अभियंता के आश्वासन के बाद करीब दो घंटे में धरना समाप्त हुआ।
पूर्व सभासद अशोक शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार में जनता समस्याओं से त्रस्त है, जबकि अधिकारी बेफिक्र हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में जहां भी जाओ, सीवर चौक और जलभराव की समस्या दिखाई देती है। सप्तऋषि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने पार्षद, मेयर, कैबिनेट मंत्री और संबंधित अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। अशोक शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि संबंधित अधिकारी समस्या का समाधान नहीं करते हैं तो जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर भी धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेंगे।
पार्षद सुनील कुमार और वसीम सलमानी ने कहा कि ज्वालापुर क्षेत्र में भी सीवर चौक की समस्या लगातार बनी हुई है। बार-बार शिकायत के बावजूद सीवर लाइनों की सफाई नहीं कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता अपनी समस्या लेकर आखिर किसके पास जाए। अधिकारियों को जगाने और अपनी बात उन तक पहुंचाने के लिए डमरू बजाकर प्रदर्शन किया जा रहा है।
धरने के दौरान अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि सप्तऋषि क्षेत्र में सफाई मशीनें भेजी जा रही हैं। जल्द ही संबंधित सीवर लाइनों की सफाई कर समस्या का समाधान किया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया।


