सड़क बनी अखाड़ा! हुड़दंग और मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस ने 9 को हिरासत में लिया

हरिद्वार। सोशल मीडिया पर सड़क पर कुछ लोगों के बीच हो रहे हंगामे और मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वीडियो में नजर आ रहे लोगों को चिन्हित किया और हुड़दंग करने वाले नौ आरोपितों को हिरासत में लिया।


पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को थाना सिडकुल क्षेत्र में कुछ महिला और पुरुष सड़क पर सरेआम हंगामा और हुड़दंग कर रहे थे। इस दौरान उनके बीच मारपीट भी हुई, जिससे सड़क से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया गया कि कुछ राहगीरों ने भी हंगामा कर रहे लोगों का विरोध किया, जिसके चलते आमजन में रोष व्याप्त हो गया।


मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, समझाने के बावजूद जब वे नहीं माने तो पुलिस ने नौ लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है।


पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान शिवम, गौरव गुप्ता, गौतम कश्यप, शानू, एक महिला, शिवा कश्यप, ओम गुप्ता, सूरज और एक अन्य महिला के रूप में बताई है। पुलिस के अनुसार, इनमें अधिकांश लोग हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र स्थित रावली महदूद, ब्रह्मपुरी और महादेवपुरम में रह रहे हैं, जबकि उनके मूल पते बिजनौर, हरदोई, लखीमपुर खीरी और सीतापुर जिलों के बताए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *