हरिद्वार। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य रोहन सहगल ने अपने निवास गोपाल धाम, देवपुरा, हरिद्वार में “रक्षाबंधन मिलन समारोह” का आयोजन किया। समारोह में बड़ी संख्या में बहनों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बहनों ने रोहन सहगल को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) की सदस्य रश्मि चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए महिला सम्मान, शिक्षा और युवाओं की सामाजिक भूमिका के महत्व पर विचार व्यक्त किए।

रोहन सहगल ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, सम्मान और आपसी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रत्येक बेटी और बहन को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बहनों द्वारा बांधा गया राखी का प्रत्येक धागा उनके लिए स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। बहनों का सम्मान और उनके प्रति जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। रक्षाबंधन हमें रिश्तों के साथ-साथ समाज में सम्मान, सुरक्षा और सहयोग की भावना मजबूत करने का संदेश देता है।
रोहन सहगल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को देश के विकास और राष्ट्र निर्माण से जोड़ा गया है। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक भागीदारी तथा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि हरिद्वार और उत्तराखंड की प्रत्येक बेटी को शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए समाज को मिलकर प्रयास करना चाहिए, ताकि बेटियां आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर सकें।
समारोह के दौरान रोहन सहगल ने बहनों और युवाओं से आत्मीय संवाद किया तथा स्थानीय एवं सामाजिक विषयों पर उनके सुझाव सुने। उन्होंने बहनों के स्नेह और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माताओं और बहनों का विश्वास उन्हें निरंतर जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम में शामिल बहनों को स्नेह एवं सम्मान स्वरूप उपहार भेंट किए गए। सभी अतिथियों, बहनों और युवाओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई।
समारोह के समापन पर रोहन सहगल ने रश्मि चौहान सहित सभी अतिथियों, बहनों और युवाओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।


