ढाबा स्वामी पर नकाबपोश बदमाशों ने की फायरिंग, बाल-बाल बची जान

दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे थे चार हमलावर, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हरिद्वार। कलियर थाना क्षेत्र के इमलीखेड़ा-भगवानपुर मार्ग पर बेडपुर चौक के पास रविवार देर रात दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने ढाबा स्वामी पर फायरिंग कर दी। हमले में ढाबा स्वामी बाल-बाल बच गया, जबकि गोली के छर्रे ढाबे की दीवार में जा धंसे। फायरिंग की आवाज से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार बेडपुर निवासी शोएब का बेडपुर चौक के पास शुद्ध शाकाहारी ढाबा है। रविवार देर रात करीब दो बजे उसके साथी सो चुके थे, जबकि शोएब ढाबे पर जाग रहा था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश युवक ढाबे के पास पहुंचे और कथित रूप से शोएब को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी।


शोएब ने किसी तरह बचकर अपनी जान बचाई। फायरिंग के दौरान गोली के छर्रे ढाबे की दीवार में जा धंसे। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, हमलावर बाइक से फरार हो गए।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। ढाबा स्वामी शोएब ने पुलिस को बताया कि गांव में उसकी पुरानी रंजिश भी चल रही है। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है।


कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि ढाबे पर फायरिंग की सूचना मिली है। घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *