कंचन गिरि का बयान: ‘मिर्ची बाबा लोगों को परेशान करने वाले प्रेत है, दिलाऊंगी प्रेत योनि से मुक्ति

गौ तस्करी और अतीक अहमद से संबंधों के आरोपों पर साध्वी कंचन गिरि का जवाब, पुराने चुनावी ‘मिर्ची हवन’ का भी किया जिक्र


हरिद्वार। गौ तस्करी और माफिया अतीक अहमद से कथित संबंधों को लेकर दर्ज कराए गए मुकदमे के बाद साध्वी दुर्गाचार्य भवानी उर्फ कंचन गिरि ने महामंडलेश्वर ईश्वर वैराग्यानंद (मिर्ची बाबा) पर तीखा पलटवार किया है।


कंचन गिरि ने कहा कि पूर्व में विधानसभा चुनाव के दौरान मिर्ची बाबा ने एक कांग्रेस प्रत्याशी की जीत का दावा करते हुए “मिर्ची हवन” किया था। उनका कहना था कि यदि संबंधित प्रत्याशी चुनाव नहीं जीतता तो वह आत्मदाह कर लेंगे। लेकिन चुनाव परिणाम उनके दावे के विपरीत रहे और प्रत्याशी पराजित हो गया। कंचन गिरि ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद मिर्ची बाबा ने अपने कथन के अनुसार आत्मदाह नहीं किया।


उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि मिर्ची बाबा अब “प्रेत बनकर” लोगों को परेशान कर रहे हैं तथा झूठे आरोप लगाकर मुकदमे दर्ज कराने और धमकियां देने का काम कर रहे हैं। कंचन गिरि ने कहा कि उनका वास्तविक नाम साध्वी दुर्गाचार्य भवानी उर्फ कंचन गिरि है और वह “इस मिर्ची बाबा रूपी प्रेत को प्रेत योनि से मुक्ति दिलाने का कार्य करेंगी।”


उन्होंने आगे कहा कि जब तक वह “मिर्ची हवन” कर मिर्ची बाबा को कथित रूप से प्रेत योनि से मुक्ति नहीं दिला देतीं, तब तक शांत नहीं बैठेंगी। कंचन गिरि ने दावा किया कि जिस प्रकार प्रेत दूसरों को परेशान करता है, उसी प्रकार मिर्ची बाबा भी लोगों को परेशान कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *