हरिद्वार। निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी वैराग्यानंद की ओर से साध्वी दुर्गाचार्य भवानी उर्फ कंचन गिरि के खिलाफ गौ तस्करी के आरोप में मुकदमा दर्ज कराए जाने के बाद विवाद और गहरा गया है। मामले में साध्वी कंचन गिरि ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है और उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है।
वीडियो में साध्वी कंचन गिरि ने कहा कि वह किसी भी प्रकार के दबाव या धमकी से डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ संत और उनके समर्थक उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं तथा उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं।
साध्वी ने यह भी कहा कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है या उनकी हत्या होती है, तो इसके लिए वही लोग जिम्मेदार होंगे जिन पर उन्होंने वीडियो में संदेह व्यक्त किया है। उन्होंने अपने समर्थकों से सतर्क रहने और पूरे मामले को सार्वजनिक करने की अपील भी की।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में साध्वी कंचन गिरि और महामंडलेश्वर स्वामी वैराग्यानंद के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला लगातार जारी है। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच गंभीर आरोप लगे थे और एक कथित ऑडियो बातचीत को लेकर विवाद सामने आया था। अब गौ तस्करी के आरोप में मुकदमा दर्ज होने के बाद यह विवाद एक नए मोड़ पर पहुंच गया है।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


