युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत: मुख्यमंत्री धामी

गुरुकुल कांगड़ी में युवा संवाद, स्टार्टअप, स्वरोजगार और पारदर्शी भर्ती पर सरकार का फोकस


हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘युवा शक्ति संवाद’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत का भविष्य युवाओं के हाथों में सुरक्षित है और विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्र निर्माण और संस्कारों का जीवंत केंद्र है, जहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा के संस्कार भी दिए जाते हैं।


मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है, जहां 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है। उन्होंने कहा कि आज का युवा केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजित करने वाला ‘जॉब क्रिएटर’ बन रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संचालित स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं को युवाओं के लिए नए अवसरों का माध्यम बताया।


उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, कौशल विकास योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालय, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, सौर स्वरोजगार योजना, नई पर्यटन नीति और नई फिल्म नीति के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन दर्ज हुआ है तथा बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी आई है। साथ ही नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों (SDG) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया तथा 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं।


इस दौरान युवाओं ने बैंक ऋण और स्वरोजगार से जुड़े विभिन्न सुझाव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैंक ऋण प्रक्रिया को सरल बनाया जाए तथा कैंप लगाकर युवाओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।


कार्यक्रम के आयोजक एवं युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन विनय यादव ने किया।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, नगर आयुक्त नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *