हरिद्वार में VIP नंबरों की होड़, UK08 BM 0009 नंबर ₹5.40 लाख में बिका

हरिद्वार। हरिद्वार में परिवहन विभाग द्वारा नई वाहन पंजीकरण श्रृंखला UK08 BM शुरू होते ही फैंसी (VIP) नंबरों के लिए जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। ऑनलाइन ई-नीलामी में वाहन स्वामियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके चलते कई पसंदीदा नंबर लाखों रुपये में बिके।


ई-नीलामी में UK08 BM 0009 सबसे महंगा नंबर साबित हुआ, जिस पर ₹5.40 लाख की सर्वाधिक बोली लगी। इसके अलावा UK08 BM 0001 के लिए ₹4.91 लाख, 0007 के लिए ₹3.88 लाख, 0008 के लिए ₹1.73 लाख, 0002 के लिए ₹1.41 लाख और 9000 के लिए ₹91 हजार की बोली लगी। वहीं 0005, 0006, 0004, 1111, 8888, 5555, 0101, 0099, 0077 और 0999 जैसे अन्य आकर्षक नंबरों पर भी लोगों ने उत्साहपूर्वक बोली लगाई।


फैंसी नंबरों की इस ई-नीलामी से परिवहन विभाग को उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ। विभाग का कहना है कि ऑनलाइन ई-ऑक्शन प्रणाली के कारण पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक रही।


सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा ने बताया कि नई श्रृंखला शुरू होते ही नागरिकों में फैंसी नंबरों को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि इच्छुक नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन ई-नीलामी में भाग लेकर अपनी पसंद का पंजीकरण नंबर प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि फैंसी नंबरों से मिलने वाला राजस्व राज्य सरकार के लिए आय का महत्वपूर्ण स्रोत है और भविष्य में भी इस प्रकार की ई-नीलामी नियमित रूप से आयोजित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *