हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय ऑटोलिफ्टर गैंग के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे और निशानदेही पर हरिद्वार तथा उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से चोरी की गई 25 मोटरसाइकिलें और कई वाहनों के पार्ट्स बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सीआईयू की तकनीकी सहायता से कई दिनों तक सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया। इसके बाद नहर पटरी से जमालपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित भव्य उर्फ भोला (18 वर्ष) निवासी अमीरपुर गांगू, थाना कोतवाली शहर, बिजनौर (उ.प्र.), सुधीर कुमार (22 वर्ष) निवासी रसूलपुर आबाद, थाना हल्दौर, बिजनौर (उ.प्र.) के कब्जे व निशानदेही पर पुलिस ने रानीपुर क्षेत्र से चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक यूके 08 एएक्स 6233 बरामद की।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि भव्य नशे के इंजेक्शन का आदी है और पहले भी बाइक चोरी के मामले में जेल जा चुका है। उसका साथी सुधीर पेशे से मोटर मैकेनिक है। दोनों हरिद्वार, ऋषिकेश, बिजनौर समेत विभिन्न क्षेत्रों से बाइक चोरी करते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को सस्ते दामों में बेच देते थे और जो वाहन नहीं बिकते थे, उनके पार्ट्स निकालकर अलग-अलग बेच देते थे। बिक्री से मिली रकम दोनों आपस में बराबर बांट लेते थे।
खंडहर बना था चोरी की बाइकों का अड्डा
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम दादूपुर गोविंदपुर स्थित एक खंडहर में छापेमारी कर 24 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें और बड़ी संख्या में वाहनों के पार्ट्स बरामद किए। बरामद वाहनों में रानीपुर, ज्वालापुर, नगर कोतवाली, सिडकुल, मंगलौर और बिजनौर क्षेत्र से चोरी की गई बाइकें शामिल हैं। अन्य बरामद वाहनों की पहचान की जा रही है।
लगातार छह मामलों का हुआ खुलासा
इस कार्रवाई से रानीपुर कोतवाली में दर्ज छह ताजा वाहन चोरी के मामलों सहित कई अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान और अन्य आपराधिक घटनाओं से संबंध की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। साथ ही गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश जारी है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपितों का चालान कर दिया है।


