शादी तुड़वाने की साजिश! विदेशी नंबरों से दूल्हे को धमकी, दुल्हन के खिलाफ भड़काने की कोशिश, मुकदमा दर्ज

विनोद धीमान
हरिद्वार।
जनपद के लक्सर क्षेत्र से शादी तुड़वाने की कथित साजिश का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मंगनी के बाद दूल्हे के मोबाइल पर विदेशी इंटरनेट नंबरों से लगातार कॉल आने लगीं। आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने दुल्हन के बारे में झूठी और भ्रामक बातें बताकर रिश्ता तुड़वाने की कोशिश की। इतना ही नहीं, शादी करने पर दूल्हे को जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले से दोनों परिवारों में दहशत फैल गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, सज्जाद पुत्र शराफत, निवासी ग्राम झीवरहेड़ी, थाना लक्सर ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने अपनी पुत्री नाज्जो का रिश्ता भगवानपुर निवासी गुलबहार पुत्र इकराम के साथ तय किया था। मंगनी के बाद सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद गुलबहार के मोबाइल पर विदेशी इंटरनेट नंबरों से लगातार कॉल आने लगीं।


शिकायत के मुताबिक, कॉल करने वाला व्यक्ति नाज्जो के बारे में कथित तौर पर झूठी और आपत्तिजनक बातें बताकर गुलबहार को उसके खिलाफ भड़काने की कोशिश करता रहा। साथ ही, यदि उसने नाज्जो से शादी की तो उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों से दोनों परिवारों में भय का माहौल बन गया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने लक्सर कोतवाली पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई और विदेशी इंटरनेट कॉल करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।


लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इंटरनेट कॉल में इस्तेमाल किए गए नंबरों की तकनीकी जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कॉल किस स्थान से और किन लोगों द्वारा की गई थीं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *