विनोद धीमान
हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के गांव धारीवाला में आधी रात तीन अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिला के कानों से कुंडल नोच लिए। विरोध करने पर महिला के पति पर चाकू से हमला कर दिया और तीनों आरोपी जंगल के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने रातभर कांबिंग अभियान चलाया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।
जानकारी के अनुसार, धारीवाला निवासी अर्जुन पुत्र दिले राम अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। देर रात तीन बदमाश पीछे की दीवार फांदकर घर में घुस आए। आंगन में सो रही अर्जुन की पत्नी के कानों से उन्होंने कुंडल खींच लिए। महिला के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए।
अर्जुन ने साहस दिखाते हुए बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान दो आरोपी दीवार फांदकर भाग निकले, जबकि तीसरे को पकड़ने की कोशिश में उसने अर्जुन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में अर्जुन घायल हो गया। इसके बाद तीसरा बदमाश भी दीवार फांदकर जंगल की ओर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पथरी पुलिस मौके पर पहुंची और जंगल व आसपास के क्षेत्रों में देर रात तक सघन तलाश अभियान चलाया, लेकिन आरोपियों का कोई पता नहीं चल सका। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
फेरूपुर चौकी प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। अज्ञात बदमाशों की तलाश जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।


