हरिद्वार। चर्चित बाइक शोरूम संचालक अभिषेक गुप्ता हत्याकांड की आरोपी और पूर्व महामंडलेश्वर पूजा शकुन पांडे उर्फ अन्नपूर्णा भारती दोनों मामलों में जमानत मिलने के बाद हरिद्वार पहुंचीं। यहां उन्होंने एक वरिष्ठ संत से मुलाकात की।
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उन्हें मूल हत्याकांड में सशर्त जमानत दी थी, लेकिन गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज अलग मुकदमे में भी कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। गैंगस्टर एक्ट मामले में कुछ अड़चन आने के कारण कुछ समय पूर्व उनकी संपत्ति को कुर्क किया गया था।
गौरतलब है कि 26 सितंबर 2025 को अलीगढ़ के थाना रोरावर क्षेत्र स्थित खेरेश्वर चौराहे पर बाइक शोरूम संचालक अभिषेक गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में इसे सुपारी देकर कराई गई हत्या बताया गया।
जांच के दौरान पूजा शकुन पांडे और उनके पति अशोक पांडे पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा। पुलिस ने पूजा शकुन पांडे को 11 अक्टूबर 2025 को जयपुर से मथुरा आते समय गिरफ्तार किया था, जबकि मुख्य शूटरों को पहले ही गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए जा चुके थे।
हत्याकांड और गैंगस्टर एक्ट मामले में जमानत मिलने के बाद पूजा शकुन पांडे उर्फ अन्नपूर्णा भारती पुरी हरिद्वार पहुंची। उल्लेखनीय है कि हत्या कांड में नाम आने के बाद पूजा शकुन पांडे उर्फ अन्नपूर्णा भारती पुरी को महामंडलेश्वर पद और अखाड़े से निष्काषित की दिया गया थल वहीं, हरिद्वार आगमन और वरिष्ठ संत से मुलाकात को लेकर भी चर्चाओं का दौर जारी है।


