गोवंश संरक्षण स्क्वाड की संयुक्त कार्रवाई, जंगल में चल रही गौकशी का भंडाफोड़, कई आरोपी फरार
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने गौकशी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भगवानपुर क्षेत्र में जंगल के बीच चल रही अवैध गौकशी का भंडाफोड़ किया है। भगवानपुर पुलिस और उत्तराखंड गोवंश संरक्षण स्क्वाड की संयुक्त टीम ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसके कई साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि सिकरोड़ा निवासी मुन्तयाज उर्फ बहादरा अपने बेटे और अन्य साथियों के साथ खेड़ी शिकोहपुर के पास जंगल में गौकशी कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। टीम जब मौके पर पहुंची तो सात लोग गौकशी करते मिले। पुलिस को देखते ही सभी आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने मुन्तयाज उर्फ बहादरा को मौके से दबोच लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 455 किलोग्राम गोमांस, दो गोवंशीय खाल, दो कटे हुए गोवंशीय सिर, आठ खुर, कुल्हाड़ियां, धारदार छुरियां, लोहे का सुवा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, प्लास्टिक की टोकरी, तीन मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया।
बरामद गोमांस को नियमानुसार गड्ढा खुदवाकर अम्लीय छिड़काव के बाद नष्ट कराया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में गौकशी, नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


