पहली पत्नी को छोड़ दूसरी महिला संग रहने का आरोप, मासूम बच्चे की मां न्याय की आस में पुलिस पहुंची

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पति को चौकी तलब किया, जांच शुरू


विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति पर पहली शादी के रहते दूसरी महिला के साथ रहने और दूसरी शादी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलने के बाद सुल्तानपुर चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी पति को पूछताछ के लिए तलब किया है।

ग्राम पूरवाला निवासी रूबी ने बताया कि करीब ढाई-तीन वर्ष पहले उसकी शादी फतेहपुर जुनार निवासी पोपिन से हुई थी। दोनों का एक मासूम बच्चा भी है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पति का व्यवहार बदल गया और वह छोटी-छोटी बातों पर मारपीट व प्रताड़ित करने लगा।

पीड़िता के भाई टिन्नू के अनुसार, पोपिन हरिद्वार-नजीबाबाद रूट पर कार चालक है। इसी दौरान उसकी पहचान बिजनौर निवासी नूतन नाम की महिला से हुई, जो सिडकुल स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है। आरोप है कि दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और सितंबर 2025 में पोपिन ने नूतन से दूसरी शादी कर ली। वर्तमान में वह लक्सर क्षेत्र में किराये के मकान में उसके साथ रह रहा है। परिवार का यह भी आरोप है कि वह अपनी वास्तविक लोकेशन छिपाकर परिजनों को गुमराह करता है।

रूबी का कहना है कि पति के अलग रहने से मासूम बच्चे के पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उसी पर आ गई है। आर्थिक और मानसिक रूप से वह परेशान है और पुलिस से न्याय की गुहार लगा रही है।

सुल्तानपुर चौकी पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद आरोपी को फोन कर चौकी बुलाया गया है। पहले दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता और समझौते का प्रयास किया जाएगा। यदि समाधान नहीं निकलता है तो मामले को महिला हेल्पलाइनध्महिला काउंसलिंग केंद्र भेजा जाएगा, जहां काउंसलिंग के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *