बच्चा चोरी की अफवाह पर युवक को खंभे से बांधकर पीटा

हरिद्वार। जनपद के रुड़की स्थित गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में बच्चा चोरी की अफवाह के चलते एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया।


जानकारी के अनुसार, गांव में एक अज्ञात युवक घूमता हुआ दिखाई दिया। उसके व्यवहार को देखकर कुछ लोगों ने उस पर बच्चा चोरी का संदेह जताया। देखते ही देखते यह बात पूरे गांव में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद युवक को पकड़कर उससे पूछताछ की गई और कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे खंभे से बांध दिया गया।


घटना का वीडियो किसी ने सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में युवक बंधा हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास ग्रामीणों की भीड़ मौजूद है।


सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर कोतवाली ले गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ पाया गया। उसके पास से कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक सामान भी बरामद नहीं हुआ।


पुलिस के अनुसार युवक की पहचान और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। एसपी देहात ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और किसी व्यक्ति पर संदेह होने की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *