पूर्व विधायक चैंपियन के काफिले का पीछा करने का आरोप, पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर क्षेत्र के खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के काफिले का पीछा करने, वाहन को कट मारने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में लक्सर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस उपलब्ध कराई गई वीडियो फुटेज के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।


जानकारी के अनुसार, लण्डौरा निवासी मयंक चौधरी ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया कि वह 22 जून की शाम पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के साथ क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे। आरोप है कि शाम करीब सात बजे बालावाली तिराहे से एक सफेद रंग की क्रेटा कार ने उनके वाहन का पीछा करना शुरू कर दिया। कार चालक लगातार तेज हॉर्न बजाता रहा और कई बार दाएं-बाएं से वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास करते हुए कट मारता रहा।


तहरीर में कहा गया है कि पूरी घटना वाहन में लगे वीडियो कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और उसकी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। आरोप है कि जब कार सवारों को आगे निकलने का रास्ता नहीं मिला तो उन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी भी दी।
मयंक चौधरी के अनुसार, काफिला जब खानपुर की ओर बढ़ रहा था, तब आरोपितों की कार खेड़ी कलां गांव की ओर मुड़ गई। बाद में स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने पर कार का संबंध खेड़ी कलां निवासी संजीव कुमार की होने की बात सामने आई। तहरीर में संजीव कुमार समेत कुल पांच लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।


मयंक का कहना है कि आरोपितों की कथित रैश ड्राइविंग से सड़क पर किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। साथ ही पूर्व विधायक की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
उधर, कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि आज प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है तथा जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *