विवादित जमीन छोड़ किसान की फसल पर चला ट्रैक्टर, चार पर मुकदमा दर्ज

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के दाबकी कला गांव में एक किसान की खड़ी गन्ने और चरी की फसल को ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान की शिकायत पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


दाबकी कला निवासी सतीश कुमार पुत्र कलीराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि खसरा नंबर 36 में उसकी साढ़े पांच बीघा जमीन है, जिस पर वह लंबे समय से खेती करता आ रहा है। खेत में गन्ने और चरी की फसल खड़ी थी। सतीश के अनुसार, इसी खसरा नंबर में उसके भाई बाबूराम की भी साढ़े पांच बीघा भूमि है, जिसे लेकर विवाद चल रहा है, लेकिन उसकी जमीन को लेकर कोई विवाद नहीं है।


आरोप है कि आदित्य, राहुल, विनोद और मुकेश ने उसकी जमीन में घुसकर ट्रैक्टर से खड़ी फसल जोत दी और उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए।


कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *