शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और ब्लैकमेल का आरोप, युवती ने एसएसपी से की कार्रवाई की मांग

हरिद्वार। मुजफ्फरपुर (बिहार) की एक युवती ने हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर पिरान कलियर क्षेत्र के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, बाद में अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया और विरोध करने पर मारपीट व धमकी दी।

पीड़िता के अनुसार वर्ष 2019 में उसकी मुलाकात पिरान कलियर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से हुई थी। दोनों के बीच धीरे-धीरे संबंध बने। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है।

शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि युवक उसे अलग-अलग स्थानों और होटलों में ले जाता था, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसी दौरान उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए गए, जिनके जरिए उसे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे धमकी देता है कि यदि उसने संबंध खत्म करने या शिकायत करने की कोशिश की तो उसके अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे। इससे वह मानसिक रूप से भयभीत है।

पीड़ित युवती जब अपने परिजनों के साथ युवक के गांव उसके घर पहुंची तो वहां युवक और उसके परिवार के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर एक कमरे में बंद कर जबरन समझौते पर दस्तखत करा लिए और मामले को दबाने के लिए पैसों का लालच भी दिया। पीड़िता ने एसएसपी से आरोपित व उसके परिजनों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *