भाजपा नेता की हत्या मामले में चार गिरफ्तार

देहरादून। जिले सहसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी चलाने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार शनिवार शाम ग्राम बैरागीवाला में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान विशेष समुदाय के कई लोगों ने अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार पुत्रगण भगवत प्रसाद के साथ मारपीट की, जिसमें तीनों घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां विनोद कुमार की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व से विवाद चल रहा था व पिछले कुछ दिनों से खेत में पानी छोड़ने को लेकर कहासुनी भी हुई थी। मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर के आधार पर कोतवाली सहसपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। गठित टीमों ने कार्रवाई करते हुए घटना में नामजद चार आरोपितों रज्जाक पुत्र मासूम, सलमान पुत्र युनुस, जावेद पुत्र मासूम व शहबाज पुत्र शहीद को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा अमन पुत्र मासूम, यूनूस पुत्र महबूब, इम्तियाज पुत्र शम्स, शहबाज, शराफत अली पुत्र स्व लियाकत, मासूम पुत्र महबूब आदिल पुत्र इम्तियाज, शमून पुत्र जब्बार व इन्तेजार के अलावा 30-40 अन्य व्यक्तियों को तलाश कर रही है और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है व सभी आरोपितों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी देहरादून परमेंद्र सिंह डोबाल ने आमजन से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि प्रकरण में शामिल सभी आरोपितों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *