विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में स्थापना दिवस मेले से ठीक पहले माहौल तनावपूर्ण हो गया। मेले की ड्यूटी में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर एक होमस्टे संचालक की बेटी से कथित छेड़छाड़ का आरोप लगने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया, उनकी पिटाई की और पुलिस चौकी का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की जानकारी क्षेत्र में फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, व्यापारी और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए चौकी के बाहर नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात करना पड़ा।
15 जून को आयोजित होने वाले कैंचीधाम स्थापना दिवस मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात संबंधी व्यापक व्यवस्थाएं लागू की हैं।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले से कई दिन पहले ही बैरिकेडिंग और यातायात प्रतिबंध लागू कर दिए गए हैं, जिससे व्यापारियों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अनावश्यक रूप से कर्फ्यू जैसे हालात बना दिए गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल पुलिस प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थापना दिवस जैसे बड़े धार्मिक आयोजन से ठीक पहले पुलिसकर्मियों पर लगे गंभीर आरोपों ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच अविश्वास की स्थिति दिखाई दे रही है। वहीं प्रशासन का प्रयास है कि जांच पूरी होने तक अफवाहों से बचा जाए और कानून-व्यवस्था बनी रहे।


