हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में थाना सिडकुल पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में फरार आरोपियों को शरण और संरक्षण देने वाले चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों की मदद करने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, 10 जून 2026 को थाना सिडकुल में सचिन पुत्र सुबीर, निवासी तलाई तल्ली जनपद पौड़ी गढ़वाल (वर्तमान निवासी ओम शांति धाम कॉलोनी, हेतमपुर, थाना सिडकुल) की शिकायत पर मुकदमा अपराध संख्या 231/2026 दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि विशाल समेत 9-10 लोगों ने एक राय होकर लाठी-डंडों और तलवारों से लैस होकर उसके भाई, जीजा और मित्र पर जान से मारने की नीयत से हमला किया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए कार्रवाई को आगे बढ़ाया।
जांच में सामने आया कि कुछ व्यक्तियों ने घटना में शामिल फरार आरोपियों को शरण और संरक्षण दिया था। इस आधार पर सिडकुल पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले इस मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमल कुमार पुत्र ओमपाल निवासी तेलकपुरी भोगपुर थाना कोतवाली लक्सर जनपद हरिद्वार, कमल सिंह पुत्र चतर सिंह निवासी मंती हसनपुर थाना थानाभवन जनपद शामली (उत्तर प्रदेश), पोपिन पुत्र छन्दूलाल निवासी खानपुर ब्रह्मपुरी थाना कोतवाली लक्सर जनपद हरिद्वार तथा शिवकुमार पुत्र सुनील कुमार निवासी महावतपुर थाना नजीबाबाद जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि मुख्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अपराधियों को संरक्षण देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ भी नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


