खेत से लेकर बाथरूम तक पहुंच गए मगरमच्छ! लक्सर में देर रात दो बड़े रेस्क्यू, वन विभाग ने टाला बड़ा खतरा

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर वन क्षेत्र में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब दो अलग-अलग स्थानों पर मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिली। एक मगरमच्छ खेत में पहुंच गया, जबकि दूसरा सीधे एक घर के बाथरूम में घुस आया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और दोनों मगरमच्छों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।


वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र गिरी ने बताया कि पहला मगरमच्छ ग्राम न्यामतपुर में श्रवण पुत्र ऋषिपाल के खेत में देखा गया। वहीं दूसरा मगरमच्छ ग्राम खेड़ी कला में कृष्ण शर्मा के घर के बाथरूम में घुस गया, जिससे परिवार और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।


वन विभाग की टीम ने पूरी सतर्कता और सावधानी के साथ दोनों स्थानों पर रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छों को सुरक्षित पकड़ लिया गया और बाद में उन्हें उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।


रेस्क्यू अभियान में वन कर्मी गुरजंट सिंह, भोपाल सिंह और शिव कुमार गुप्ता की अहम भूमिका रही। टीम की तत्परता और अनुभव के चलते दोनों अभियान बिना किसी नुकसान के सफलतापूर्वक संपन्न हुए।


वन विभाग ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि बरसात और जलभराव के मौसम में मगरमच्छ तथा अन्य वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच सकते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें और स्वयं वन्यजीव को पकड़ने या छेड़ने का प्रयास न करें।


वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और टीम के कार्य की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *