देहरादून। श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर सेवा दल, देहरादून द्वारा 51 कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन 19 जून 2026 को किया जाएगा। यह आयोजन चौधरी फार्म हाउस, जीएमएस रोड, देहरादून में प्रातः 11 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम के दौरान दोपहर 1 बजे से भोजन प्रसाद की व्यवस्था भी रहेगी।
आयोजकों के अनुसार सामूहिक विवाह समारोह श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं के विवाह को सम्मानपूर्वक संपन्न कराना तथा समाज में सामूहिक सहयोग और सेवा की भावना को बढ़ावा देना है।
विवाह उपरांत नवविवाहित जोड़ों की विदाई श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर से की जाएगी। आयोजन को लेकर मंदिर सेवा दल एवं सहयोगी संस्थाओं द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, समाजसेवियों एवं गणमान्य लोगों के समारोह में शामिल होने की संभावना है। आयोजकों ने समाज के सभी वर्गों से कार्यक्रम में सहभागिता कर नवदंपतियों को आशीर्वाद देने की अपील की है।


