नाबालिग से दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कोटद्वार पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अपनी ही चचेरी बहन के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 2 जून को रिखणीखाल निवासी एक व्यक्ति ने थाना रिखणीखाल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ उसके चचेरे भाई संजय उर्फ सोनू ने दुष्कर्म किया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) तथा पोक्सो अधिनियम की धारा 5/6 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्वेश पंवार ने महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने पीड़िता के बयान दर्ज किए और विभिन्न पहलुओं की गहन जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों, पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी संजय उर्फ सोनू की संलिप्तता की पुष्टि होने पर पुलिस ने कोटद्वार क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय संजय उर्फ सोनू निवासी बूथानगर, रिखणीखाल, जनपद पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया।


