ऑपरेशन प्रहार के तहत देर रात ऋषिकेश क्षेत्र में पुलिस और दो वांछित बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। दोनों ने चेहरे ढके हुए थे और पुलिस बैरियर को टक्कर मारकर श्यामपुर की ओर फरार हो गए। पीछा किए जाने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके पर ही दबोच लिए गए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी हाल ही में ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे, जिसमें दो लोग घायल हुए थे। इसी मामले में उनकी तलाश की जा रही थी।
घायल आरोपियों को पुलिस सुरक्षा में अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल तथा अस्पताल का निरीक्षण किया।
ऋषिकेश कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है तथा पूछताछ के आधार पर अन्य मामलों में भी महत्वपूर्ण खुलासों की संभावना जताई जा रही है।


