भीषण अग्निकांड: डिलीवरी कंपनी के स्टोर में जिंदा जले दो कर्मचारी, लाखों का नुकसान

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी स्थित रामपुर रोड के जीतपुर नेगी क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक डिलीवरी कंपनी के स्टोर में भीषण आग लगने से दो कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के समय दोनों कर्मचारी स्टोर के अंदर सो रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात पास में स्थित एक अन्य डिलीवरी स्टोर के कर्मचारियों ने धुआं और आग की लपटें उठती देखीं, जिसके बाद तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन स्टोर का शटर बंद होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाई हुई।
दमकल कर्मियों ने कटर की सहायता से शटर को काटकर अंदर प्रवेश किया और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक अंदर मौजूद दोनों कर्मचारियों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान गौलापार निवासी नरेंद्र और पंचायतघर निवासी अमित के रूप में हुई है।


अग्निकांड में स्टोर के भीतर रखा लाखों रुपये मूल्य का सामान, डिलीवरी पार्सल, चार्जिंग पर लगी एक स्कूटी तथा एक मालवाहक टेंपो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।


पुलिस और फायर विभाग की प्रारंभिक जांच में आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


इस संबंध में सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि देर रात आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शटर बंद होने के कारण रेस्क्यू अभियान में दिक्कतें आईं, लेकिन शटर काटकर आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि स्टोर के अंदर सो रहे दो लोगों की मौत हुई है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि प्रशासन ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *