इंटर कॉलेज भूमि घोटाला: फर्जी सोसाइटी बनाकर करोड़ों की जमीन बेचने के मामले में एक और गिरफ्तार

हरिद्वार। बीडी इंटर कॉलेज से जुड़ी संस्था की भूमि को कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बेचने के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। धोखाधड़ी कर संस्था की लगभग साढ़े आठ बीघा भूमि का विक्रय करने के आरोप में वांछित चल रहे आरोपित मोहम्मद मुर्सलीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मुख्य आरोपित को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।


पुलिस के अनुसार, 22 मार्च 2026 को दयानंद एंग्लो वैदिक संस्था के आजीवन सदस्य सुधीर कुमार त्यागी ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि दुष्यंत कुमार ने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक फर्जी सोसाइटी का गठन किया और संस्था की करीब 8.5 बीघा जमीन को बिना वैध अनुमति एवं अधिकार के फर्जी तरीके से विनय सैनी निवासी राजेंद्र नगर, रुड़की के नाम बेच दिया।


शिकायत के आधार पर भगवानपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपित दुष्यंत कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी थी।


पुलिस के मुताबिक, मामले में वांछित आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए सूचना के आधार पर वांछित आरोपित मोहम्मद मुर्सलीन पुत्र असगर निवासी ग्राम शेरपुर, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है। वहीं, प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

गौकशी मामले में 3 माह से फरार दो वांछित आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली भगवानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गौकशी के एक मामले में पिछले तीन माह से फरार चल रहे दो वांछित आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर वांछित अपराधियों और आपराधिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपितों रहमान और जिशान को दबोच लिया। दोनों के खिलाफ उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों आरोपित लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे। मुखबिर की सूचना और लगातार की जा रही निगरानी के बाद पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रहमान पुत्र तासीन तथा जिशान पुत्र जफर, निवासी ग्राम खेड़ी शिकोहपुर, कोतवाली भगवानपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्यवाही कर उनका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *