हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में उस समय सनसनी फैल गई जब गंगाजल लेकर अपने साथियों के साथ नोएडा लौट रहे एक कांवड़िए को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। घटना कनखल थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात हुई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान ग्रेटर नोएडा निवासी अजय के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर पैदल कांवड़ यात्रा के माध्यम से नोएडा लौट रहा था। कांवड़ियों का यह दल गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को लेकर 221 लीटर गंगाजल की विशेष कांवड़ लेकर यात्रा कर रहा था। दल में लगभग दस गौ सेवक शामिल बताए गए हैं।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात यात्रा के दौरान थकान और अंधेरा होने के कारण कांवड़ियों का दल गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के निकट हाईवे किनारे विश्राम के लिए रुक गया। इसी दौरान हाईवे के ऊपर बने पुल पर कुछ युवक शराब पीते हुए शोर-शराबा और गाली-गलौज कर रहे थे। कांवड़ियों ने जब उनसे शांति बनाए रखने की अपील की तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के कुछ समय बाद वे युवक पुल से नीचे उतरे और कांवड़ियों के पास पहुंच गए। हमलावरों में से एक ने अजय के सीने पर सटाकर गोली चला दी। हालांकि गोली सीने के बजाय कंधे में लगी, लेकिन गंभीर चोट लगने से अजय मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और कांवड़ियों में दहशत फैल गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास तैनात पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल युवक को पहले नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ऋषिकेश स्थित एम्स में रेफर कर दिया। वर्तमान में उसका उपचार जारी है।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन जल्दबाजी में वे अपनी एक बुलेट मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़ गए। पुलिस ने मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पांच से छह आरोपी अन्य मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी, कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत और वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित पक्ष और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की तथा आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया।
कनखल थाने के एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा फरार आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हुई इस वारदात के बाद पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल घायल अजय का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।


