हरिद्वार। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) ने रावली महदूद ज्वालापुर स्थित रामधाम कॉलोनी में चल रही अवैध प्लाटिंग और निर्माण कार्यों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई निर्माणों को ध्वस्त एवं सील कर दिया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार रामधाम कॉलोनी में अर्जुन सिंह द्वारा लगभग 9 से 10 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृति प्लाटिंग का कार्य कराया जा रहा था। इसके अलावा उसी क्षेत्र में लगभग 4 से 5 बीघा भूमि पर भी अवैध प्लाटिंग एवं लगभग 15×15 फीट क्षेत्रफल में निर्माण कार्य किया जा रहा था।
वहीं गुरु कृपा स्वीट्स के सामने सुखवीर सिंह द्वारा लगभग 2 बीघा भूमि पर प्लाटिंग के साथ लगभग 15×20 फीट क्षेत्रफल में निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिसे भी प्राधिकरण ने नियमों के विरुद्ध पाया।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि इन सभी मामलों में संबंधित अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वाद दर्ज किए गए थे और निर्माणकर्ताओं को कई बार नोटिस एवं निर्देश जारी कर निर्माण कार्य रोकने के लिए कहा गया था। इसके बावजूद भी निर्माण कार्य लगातार जारी रखा गया।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के साथ-साथ कई स्थानों को सील भी किया गया। मौके पर मौजूद निर्माणकर्ताओं और प्लाटिंग कराने वालों को बिना मानचित्र स्वीकृति एवं अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न करने के निर्देश दिए गए।
प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध कॉलोनियों, अनधिकृत प्लाटिंग और बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी भूमि की खरीद-फरोख्त करने से पहले संबंधित प्राधिकरण से उसकी वैधानिक स्थिति की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


