लक्सर प्रेस क्लब अध्यक्ष से अभद्रता पर गरमाई सियासत, विधायक बोले— आंदोलन हुआ तो सबसे आगे खड़ा रहूंगा
विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रवीण सैनी के साथ तहसील में हुई कथित अभद्रता का मामला अब बड़ा रूप लेता जा रहा है। पत्रकारों के समर्थन में जिलेभर के संगठन खुलकर सामने आ रहे हैं। अब बसपा के क्षेत्रीय विधायक मोहम्मद शहजाद ने भी मोर्चा संभालते हुए तहसील कर्मचारियों की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला है।
विधायक मोहम्मद शहजाद ने पत्रकारों से हुई अभद्रता को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि “जो लोग कलम की आवाज दबाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि पत्रकार डरने वाले नहीं हैं।” उन्होंने कहा कि एसडीएम के सामने पत्रकारों को जान से मारने की धमकी देना बेहद शर्मनाक और प्रशासनिक व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।
उन्होंने प्रशासन को घेरते हुए कहा कि जब खुलेआम पत्रकारों को धमकियां दी जा रही थीं, तब जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने रहे। यह सिर्फ पत्रकारों का नहीं बल्कि लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की आजादी का अपमान है।
विधायक ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोषी कर्मचारी पर कार्रवाई नहीं हुई तो 29 मई को लआंदोलन और बड़ा होगा। उन्होंने कहा, “धरना देना पड़े, सड़क पर उतरना पड़े या बड़ा संघर्ष करना पड़े, मैं पत्रकारों के साथ सबसे आगे खड़ा मिलूंगा।”
लक्सर में यह मामला अब केवल अभद्रता तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पत्रकार सम्मान और प्रशासनिक जवाबदेही का बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।


