फर्जी यूसीसी विवाह पंजीकरण का मामला उजागर, जालसाजी और धोखाधड़ी में मुकदमा दर्ज

विनोद धीमान
हरिद्वार।
लक्सर में फर्जी यूसीसी (यूनिफॉर्म सिविल कोड) विवाह पंजीकरण कराने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में जालसाजी, धोखाधड़ी, डिजिटल दस्तावेजों के दुरुपयोग और अवैध वसूली के आरोप लगाए गए हैं।

ग्राम नसीरपुर कलां निवासी मौहम्मद शाहरुख पुत्र अब्दूल हमीद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि जनवरी 2025 में उसका रिश्ता ग्राम मखियाली कला निवासी युवती नाजिश के साथ तय हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान नस्तरपुर अलावलपुर निवासी जिसान पुत्र जुल्फकार ने रिश्ता कराने को लेकर उसे जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के अनुसार, 7 जुलाई 2025 को आरोपी ने नाजिश के नाम से तैयार किया गया यूसीसी विवाह पंजीकरण प्रमाणपत्र भेज दिया। जब यह प्रमाणपत्र युवती और उसके परिजनों को दिखाया गया तो उन्होंने इसकी शिकायत लक्सर कोतवाली में की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बिना युवती की जानकारी और सहमति के, तथा बिना किसी वास्तविक निकाह या वैध विवाह के, फर्जी तरीके से यूसीसी विवाह पंजीकरण कराया गया। आरोप है कि इस पूरे प्रकरण में एक वकील और मखियाली निवासी सादिया नाम की युवती की भी भूमिका रही। शिकायत में आधार ओटीपी और निजी दस्तावेजों के दुरुपयोग के आरोप भी लगाए गए हैं।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि नाजिश का कभी निकाह नहीं हुआ, बावजूद इसके जाली दस्तावेजों के आधार पर विवाह प्रमाणपत्र तैयार कर लिया गया। साथ ही बाद में समझौते के नाम पर दो लाख रुपये की अवैध मांग करने का आरोप भी लगाया गया है।

मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *